भारत ‘गड्ढा नहीं, बल्कि हर दृष्टि से संपूर्ण’ है: ललित भसीन

भारत ‘गड्ढा नहीं, बल्कि हर दृष्टि से संपूर्ण’ है: ललित भसीन

भारत ‘गड्ढा नहीं, बल्कि हर दृष्टि से संपूर्ण’ है: ललित भसीन
Modified Date: April 28, 2026 / 06:25 pm IST
Published Date: April 28, 2026 6:25 pm IST

जयपुर, 28 अप्रैल (भाषा) ‘इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स’ (आईएसीसी) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित भसीन ने मंगलवार को अमेरिका के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें भारत को “नरक का गड्ढा” कहा गया था। उन्होंने कहा कि भारत “गड्ढा नहीं, बल्कि संपूर्ण” है और इसकी तुलना चीन से नहीं की जानी चाहिए।

वे आईएसीसी के राजस्थान चैप्टर के शुभारंभ कार्यक्रम में बोल रहे थे, जिसमें अमेरिकी दूतावास के वाणिज्यिक मामलों के मंत्री-परामर्शदाता जोनाथन हाइमर भी मौजूद थे।

भसीन ने कहा, “हम कहीं बेहतर हैं। हम किसी गड्ढे में नहीं, बल्कि हर दृष्टि से संपूर्ण हैं, लोकतांत्रिक सिद्धांतों का पालन करने में, कानून के शासन को बनाए रखने में और आर्थिक समृद्धि की दिशा में बढ़ने में।”

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी विनती है कि भारत को ‘नरक का गड्ढा’ न कहा जाए और चीन से तुलना न की जाए।”

उन्होंने कहा कि राजस्थान की औद्योगिक वृद्धि और निवेशक-हितैषी नीतियां भारत-अमेरिका सहयोग को बढ़ाने के लिए इसे स्वाभाविक विकल्प बनाती हैं।

कार्यक्रम में हाइमर ने भारत-अमेरिका साझेदारी पर जोर देते हुए कहा कि यह भविष्य को आकार देने में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा, “पिछले चार वर्षों में भारत में बिताए गए समय के दौरान आपकी मित्रता, गर्मजोशी और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता असाधारण रही है। दुनिया का भविष्य इस साझेदारी पर काफी हद तक निर्भर करेगा।”

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि यह पहल राजस्थान और अमेरिका के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करेगी और राज्य स्तर पर व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देगी।

कुमारी ने कहा, “राजस्थान तेजी से विकास और वैश्विक साझेदारी के लिए तैयार है। यह पहल नवाचार, रोजगार सृजन और सतत विकास को समर्थन देगी।”

भाषा बाकोलिया संतोष

संतोष


लेखक के बारे में