भारत-थाईलैंड के बीच 18 से 31 अगस्त तक होगा संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मैत्री’
भारत-थाईलैंड के बीच 18 से 31 अगस्त तक होगा संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मैत्री’
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) भारत और थाईलैंड के बीच 18 अगस्त से 31 अगस्त तक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास आयोजित किया जाएगा जिसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत जंगल और अर्ध-शहरी इलाकों में संयुक्त रूप से उग्रवाद एवं आतंकवाद रोधी अभियान संबंधी क्षमताओं को बढ़ाना है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
‘मैत्री’ नामक इस अभ्यास का आयोजन थाईलैंड के सूरत थानी प्रांत स्थित विभावदि रंगसित शिविर में किया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय सेना की टुकड़ी सोमवार को भारत-थाईलैंड संयुक्त सैन्य अभ्यास के 15वें संस्करण में भाग लेने के लिए थाईलैंड रवाना हो गई।
भारतीय सेना और रॉयल थाई सेना की टुकड़ियों में 85-85 जवान शामिल हैं।
बयान में कहा गया, ‘‘भारतीय सेना की टुकड़ी में मुख्य रूप से 9 गोरखा राइफल्स के जवान शामिल हैं, जबकि रॉयल थाई सेना की टुकड़ी में 5वीं डिवीज़न की 25वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड की तीसरी बटालियन के जवान शामिल हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास में कंपनी स्तर का संयुक्त प्रशिक्षण शामिल होगा, जो जंगल और अर्ध-शहरी इलाकों में अभियानों पर केंद्रित होगा।
बयान में कहा गया, ‘‘यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय-7 के तहत जंगल और अर्ध-शहरी इलाकों में संयुक्त रूप से उग्रवाद/आतंकवाद रोधी अभियान चलाने संबंधी क्षमताओं को बढ़ाएगा।’’
अभियान ‘मैत्री’ का पिछला संस्करण सितंबर 2025 में मेघालय के उमरोई स्थित ‘फॉरेन ट्रेनिंग नोड’ में आयोजित किया गया था।
वर्ष 2006 में शुरू हुआ यह अभ्यास भारत और थाईलैंड के बीच बेहतरीन तौर-तरीके साझा करने तथा सैन्य सहयोग को मजबूत करने का एक अहम मंच है।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश

Facebook


