भारत और अमेरिका का संयुक्त नौसैनिक युद्धाभ्यास सोमवार से

Ads

भारत और अमेरिका का संयुक्त नौसैनिक युद्धाभ्यास सोमवार से

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 08:17 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 08:17 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) भारत और अमेरिका का पांच दिवसीय संयुक्त नौसैनिक युद्धाभ्यास सोमवार को कोच्चि में शुरू होगा। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 10 से 14 अगस्त के बीच आयोजित इस युद्धाभ्यास का उद्देश्य गोताखोरी और विस्फोटक निष्क्रिय करने वाले विशेषज्ञों के बीच आपसी समन्वय और पेशेवर सहयोग को मजबूत करना है।

भारतीय नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘भारत और अमेरिका की नौसेनाओं के बीच विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय करने से जुड़ा यह संयुक्त अभ्यास कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान में 10 से 14 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।’’

दोनों देशों की नौसेनाएं वर्ष 2005 से ही समुद्र में डूबे जहाजों या सामानों को बाहर निकालने और बारूदी सुरंगों व विस्फोटकों को निष्क्रिय करने का संयुक्त अभ्यास करती आ रही हैं।

प्रवक्ता के अनुसार, इस द्विपक्षीय अभ्यास के दौरान दोनों पक्षों के विशेषज्ञ एक-दूसरे से अनुभव साझा करेंगे, संयुक्त प्रशिक्षण लेंगे, अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन करेंगे और वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित व्यावहारिक अभ्यास करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस अभ्यास से दोनों देशों के नौसैनिकों को विस्फोटकों को निष्क्रिय करने की आधुनिक तकनीकों और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही, दोनों नौसेनाएं एक-दूसरे की क्षमताओं, संचालन रणनीतियों और काम करने के तरीकों को करीब से जान सकेंगी।

भाषा

सुमित धीरज

धीरज