पश्चिम एशिया संकट के बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने 281 उड़ानें रद्द कीं

पश्चिम एशिया संकट के बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने 281 उड़ानें रद्द कीं

पश्चिम एशिया संकट के बीच भारतीय विमानन कंपनियों ने 281 उड़ानें रद्द कीं
Modified Date: March 6, 2026 / 12:55 am IST
Published Date: March 6, 2026 12:55 am IST

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया संकट के कारण बृहस्पतिवार को विमानन कंपनियों ने विभिन्न हवाई अड्डों पर 281 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष तेज होने के कारण फंसे यात्रियों को पश्चिम एशिया से लाने-ले जाने के लिए कई विमानन कंपनियों ने सीमित संख्या में उड़ानें शुरू कीं।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने आज कहा कि वह पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा आज संचालित होने वाली कुल 281 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से अपनी उड़ान की स्थिति पर नजर रखें और संबंधित एयरलाइन द्वारा उनके पंजीकृत संपर्क विवरणों के माध्यम से साझा की गई अद्यतन जानकारी पर ध्यान दें।’’

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट के कारण बृहस्पतिवार को दिल्ली और बेंगलुरु हवाई अड्डों पर कम से कम 70 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।

अकासा एयर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया, “अबू धाबी, दोहा, रियाद और कुवैत से आने-जाने वाली उड़ानें सात मार्च, 2026 तक निलंबित रहेंगी। ”

अंतरराष्ट्रीय उड़ान परिचालन 28 फरवरी से बाधित है, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा बाधित हुई है।

भाषा शफीक सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में