भारतीय चीज की वैश्विक लोकप्रियता बढ़ी, डेरी क्षेत्र में हो रहा बड़ा बदलाव : प्रधानमंत्री मोदी
भारतीय चीज की वैश्विक लोकप्रियता बढ़ी, डेरी क्षेत्र में हो रहा बड़ा बदलाव : प्रधानमंत्री मोदी
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय चीज की वैश्विक स्तर पर बढ़ती लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए रविवार को कहा कि देश का डेरी क्षेत्र बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मोदी ने कहा कि भारत का स्वाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों की थाली तक पहुंच रहा है और भारतीय पारंपरिक स्वादों को नयी पहचान देने में डेरी क्षेत्र की अहम भूमिका रही है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि ब्राजील में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय चीज प्रतियोगिता में भारत के दो चीज ब्रांड को प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा हुई और कई लोगों ने भारत में उपलब्ध चीज की विविधता पर भी ध्यान देने की बात कही।
मोदी ने डेरी उत्पादों का उदाहरण देते हुए जम्मू-कश्मीर के ‘कलारी’ चीज की सराहना की, जिसे ‘कश्मीर का मोजेरेला’ भी कहा जाता है। ‘कलारी’ चीज को गुज्जर-बकरवाल समुदाय कई पीढ़ियों से बनाता आ रहा है।
उन्होंने सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख में काफी लोकप्रिय‘छुरपी’ चीज का उल्लेख करते हुए कहा, “इसके स्वाद में पहाड़ों की सादगी और कोमलता महसूस होती है। इस चीज की खासियत यह है कि यह याक के दूध से बनाया जाता है।”
प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र और गुजरात में मिलने वाले ‘टोपली नु पनीर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी अपनी अलग पहचान है। ‘टोपली नु पनीर’ को ‘सुरती चीज’ भी कहा जाता है।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कई भारतीय कंपनियां इस क्षेत्र में निवेश कर रही हैं और देश के उत्पाद वैश्विक मानकों पर खरे उतर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारतीय चीज अब देश की सीमाओं से आगे बढ़कर वैश्विक बाजारों और रेस्तरां तक पहुंच रहा है।
मोदी ने कहा, “आज जब हम ‘लोकल से ग्लोबल’ की बात करते हैं, तो भारतीय चीज इसका बेहतरीन उदाहरण है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत का स्वाद, भारतीय परंपरा और भारतीय गुणवत्ता विश्व के लोगों को एक नया अनुभव प्रदान करेगी तथा भारत के साथ एक नया संबंध स्थापित करेगी।”
चीज, दूध से निर्मित एक प्रकार का भोज्य पदार्थ है।
भाषा रविकांत दिलीप
दिलीप

Facebook


