राजस्थान में सीआईडी-अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
राजस्थान में सीआईडी-अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
जयपुर, एक जुलाई (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में सीआईडी-अपराध शाखा में तैनात एक निरीक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक अधिकारी की पहचान श्रवण बिश्नोई के रूप में हुई है, जो पुलिस कॉलोनी में स्थित फ्लैट में पत्नी और सात वर्षीय बेटे के साथ रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय उनकी पत्नी घर पर थीं, जबकि बेटा स्कूल गया हुआ था। परिजन ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
बिछवाल थाने के प्रभारी दिगपाल सिंह ने बताया कि बिश्नोई अपने फ्लैट में अचेत अवस्था में मिले, जिसके बाद उनकी पत्नी ने परिजन को सूचना दी।
सिंह ने बताया कि परिजन बिश्नोई को प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मौत का सही कारण पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजन ने आत्महत्या की आशंका से इनकार किया है।
उन्होंने कहा, ‘मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।’
श्रवण कोलायत क्षेत्र के चक विजयसिंहपुरा गांव के निवासी थे।
उन्होंने लंबे समय तक बीकानेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में सेवाएं दी थीं। बाद में उनका तबादला जयपुर में स्थित सीआईडी-क्राइम ब्रांच में कर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, वह हाल ही में अवकाश पर बीकानेर आए थे और अपना तबादला वापस बीकानेर कराने का भी प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब

Facebook


