अंबाला कैंसर अस्पताल में उन्नत डिजिटल पैट स्कैन मशीन लगाएं: मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा
अंबाला कैंसर अस्पताल में उन्नत डिजिटल पैट स्कैन मशीन लगाएं: मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा
चंडीगढ़, एक जुलाई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को अंबाला कैंसर अस्पताल में उन्नत डिजिटल पैट स्कैन मशीन लगाने का काम तेज करने का निर्देश दिया और अधिकारियों से 15 दिनों के भीतर मंज़ूरी के लिए निविदा की शर्तें और नियम जमा करने को कहा।
परिवहन मंत्री अनिल विज और मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के साथ हुई एक बैठक में सैनी ने कहा कि मरीज़ों के लिए कैंसर की पहचान और इलाज को बेहतर बनाने के लिए पीईटी स्कैन सुविधा ज़रूरी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पहले प्रस्तावित एनालॉग मॉडल की जगह डिजिटल पैट स्कैन मशीन लगाई जाए, क्योंकि इससे ज़्यादा सटीक जांच के नतीजे और बेहतर इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मशीन में नवीनतम प्रौद्योगिकी होनी चाहिए।
पैट (पॉजिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी) एक उन्नत चिकित्सा छायांकन टेस्ट है। इसका उपयोग शरीर के अंदरूनी अंगों की कार्यप्रणाली को देखने और कैंसर, हृदय रोग, या मस्तिष्क संबंधी बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाने के लिए किया जाता है।
सैनी ने कहा कि पैट स्कैन तकनीक कैंसर का पता लगाने, उसकी अवस्था (स्टेज) निर्धारित करने, यह जांचने कि वह शरीर के अन्य हिस्सों में फैला है या नहीं, तथा कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी की प्रभावशीलता का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मरीजों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए पैट स्कैन की दरें किफायती रखी जाएं।
भाषा प्रशांत माधव
माधव

Facebook


