अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन ने ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान की बिजली कंपनियों की उपलब्धियों को सराहा

अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन ने ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान की बिजली कंपनियों की उपलब्धियों को सराहा

अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन ने ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान की बिजली कंपनियों की उपलब्धियों को सराहा
Modified Date: April 28, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: April 28, 2026 10:07 pm IST

जयपुर, 28 अप्रैल (भाषा) अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) ने ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान की बिजली वितरण कंपनियों की उपलब्धियों की सराहना की है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

आईएसए, जो 126 देशों की भागीदारी के साथ हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने वाला वैश्विक संगठन है, ने राज्य की सौर ऊर्जा और ग्रिड डिजिटलीकरण में प्रगति की प्रशंसा की।

इसने जयपुर डिस्कॉम द्वारा ग्रिड डिजिटलीकरण के लिए ‘डिजिटल ट्विन’ तकनीक के उपयोग जैसी पहलों को रेखांकित किया।

आईएसए के महानिदेशक आशीष खन्ना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा सचिव और राजस्थान डिस्कॉम्स की अध्यक्ष आरती डोगरा तथा अजमेर और जोधपुर डिस्कॉम्स के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की।

बैठक के दौरान खन्ना ने कहा कि राजस्थान ने पीएम-कुसुम योजना के तहत लगभग दो से ढाई वर्षों के भीतर 4,000 मेगावाट से अधिक विकेन्द्रीकृत सौर क्षमता हासिल की है, जिसे उन्होंने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य ‘रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन’ में देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल है।

आईएसए और ग्लोबल एनर्जी एलायंस फॉर पीपल एंड प्लैनेट (जीईएपीपी) के बीच अजमेर डिस्कॉम में ग्रिड डिजिटलीकरण को समर्थन देने के लिए सहयोग पर भी चर्चा हुई।

डोगरा ने कहा कि जिस तेजी से कुसुम संयंत्रों को ग्रिड से जोड़ा जा रहा है, उससे वर्ष के अंत तक स्थापित क्षमता लगभग 10,000 मेगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है।

भाषा बाकोलिया संतोष

संतोष


लेखक के बारे में