आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट मामला: ईडी ने असम और दिल्ली में रात भर तलाशी अभियान चलाया

आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट मामला: ईडी ने असम और दिल्ली में रात भर तलाशी अभियान चलाया

आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट मामला: ईडी ने असम और दिल्ली में रात भर तलाशी अभियान चलाया
Modified Date: May 27, 2026 / 08:53 pm IST
Published Date: May 27, 2026 8:53 pm IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने अवैध आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत असम और दिल्ली में कई स्थानों पर रात भर तलाशी अभियान संचालित किया।

संघीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत असम के गुवाहाटी और तिनसुकिया तथा नयी दिल्ली में 26 मई की देर रात तलाशी अभियान चलाया गया और यह अभियान रात भर जारी रहा।

यह जांच गुवाहाटी के अपराध शाखा पुलिस थाने द्वारा दीपेश बाजोरिया, रौनक बाजोरिया, राजेश जैन और अन्य के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं और असम खेल एवं सट्टेबाजी अधिनियम, 1970 के तहत दर्ज प्राथमिकी से संबंधित है।

ईडी ने कहा कि बाद में उसने तिनसुकिया पुलिस थाने में दर्ज दो अतिरिक्त प्राथमिकियों को शामिल करके जांच का दायरा बढ़ाया, जो इसी तरह के आईपीएल सट्टेबाजी के संचालन से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ थीं, जिन्हें कथित तौर पर ‘आपस में जुड़े सिंडिकेट’ द्वारा चलाया जा रहा था।

एजेंसी के अनुसार, आरोपी आईपीएल क्रिकेट मैचों को लेकर अवैध सट्टेबाजी रैकेट चला रहे थे।

ईडी ने कहा, ‘‘व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे ‘एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग’ मंच का उपयोग करके मोबाइल फोन के माध्यम से और ‘ऑफशोर’ ऑनलाइन सट्टेबाजी मंच के जरिये सट्टेबाजी की गई।’’

आरोपियों के आवासों के अलावा गुवाहाटी में ‘रॉयसी’ नाम से संचालित एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान (जिसे पहले ‘प्लेबॉय’ के नाम से जाना जाता था) पर भी तलाशी ली गई।

एजेंसी ने बताया कि तलाशी के दौरान 13 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी भी जब्त की गई।

ईडी ने कहा कि तीन वाहन – एक मर्सिडीज-बेंज, एक एमजी हेक्टर और एक टोयोटा फॉर्च्यूनर – भी जब्त किए गए हैं। इन्हें अपराध की आय से खरीदे जाने का संदेह है।

ईडी ने कहा कि अवैध सट्टेबाजी संचालन और अपराध से अर्जित धन के लेन-देन के लिए कथित रूप से इस्तेमाल किए गए कई बैंक खातों पर रोक लगा दी गई है।

भाषा शोभना माधव

माधव


लेखक के बारे में