क्या अन्नाद्रमुक राजग का नेतृत्व कर रही है: वामपंथी नेता ने किया सवाल
क्या अन्नाद्रमुक राजग का नेतृत्व कर रही है: वामपंथी नेता ने किया सवाल
चेन्नई, 25 फरवरी (भाषा) तमिलनाडु में सियासी बयानबाज़ी के बीच मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राज्य इकाई में नेतृत्व को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
माकपा की तमिलनाडु इकाई के सचिव पी शनमुगम ने बुधवार को पूछा कि क्या राज्य में राजग की अगुवाई अन्नाद्रमुक कर रही है।
उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी भले ही राज्य में राजग का नेतृत्व करने का दावा कर रहे हों, लेकिन सहयोगी दल सीट-बंटवारे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से बातचीत की बात कर रहे हैं। माकपा नेता ने एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन की हालिया टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा ने भी इसका खंडन नहीं किया है।
शनमुगम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मौजूदा रुझान को देखें तो ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा ही अन्नाद्रमुक को सीटें आवंटित करेगी।”
उन्होंने अन्नाद्रमुक की दिवंगत नेता जयललिता के समर्थकों से आत्ममंथन करने का आह्वान किया। उन्होंने याद दिलाया कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान जयललिता ने मतदाताओं से “लेडी या मोदी” के बीच फैसला करने को कहा था, जिसमें ‘मोदी’ से आशय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से था।
भाषा
राखी मनीषा अविनाश
अविनाश

Facebook


