आईयूएमएल ने मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस के किसी नेता का समर्थन नहीं किया: मुनीर

आईयूएमएल ने मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस के किसी नेता का समर्थन नहीं किया: मुनीर

आईयूएमएल ने मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस के किसी नेता का समर्थन नहीं किया: मुनीर
Modified Date: May 2, 2026 / 01:32 pm IST
Published Date: May 2, 2026 1:32 pm IST

कोझिकोड (केरल), दो मई (भाषा) इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता एम के मुनीर ने शनिवार को कहा कि पार्टी ने केरल के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस के किसी नेता को समर्थन नहीं दिया है।

आईयूएमएल की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पी. सैयद सादिक अली शिहाब थंगल ने बयान दिया था कि कांग्रेस नेता वी डी सतीशन ने विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का नेतृत्व किया। कुछ लोगों ने इस बयान को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में सतीशन के प्रति आईयूएमएल के समर्थन के तौर पर देखा।

मुनीर ने थंगल के इस बयान को लेकर एक मीडिया संस्थान से कहा कि पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर कोई पसंद जाहिर नहीं की है।

मुनीर ने कहा, ‘‘थंगल ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में कुछ नहीं कहा है। उन्होंने कहा था कि फैसला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को करना है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सक्षम नेतृत्व है और चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर बिना देरी फैसला किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का फैसला पार्टी में स्वीकार किया जाएगा।’’

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि आईयूएमएल को लेकर यह डर पैदा करने की कोशिश की जा रही है और यह धारणा बनाई जा रही है कि यूडीएफ सरकार पार्टी के नियंत्रण में होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘वे चाहते हैं कि आईयूएमएल कुछ भी न संभाले। वे दावा करते हैं कि अगर आईयूएमएल को गृह विभाग मिला तो दंगे होंगे। वे दावा करते हैं कि अगर शिक्षा विभाग आईयूएमएल को दिया गया तो केवल मुस्लिम विद्यालयों को ही अनुमतियां मिलेगी। सरकार जमात-ए-इस्लामी की छाया बनकर रह जाएगी।’’

मुनीर ने कहा कि इस तरह की बातें जनता के बीच डर पैदा करने और विभाजन को गहरा करने के मकसद से कही जा रही हैं।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में