यादवपुर विश्वविद्यालय ने ‘विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार’ शुरू किया

यादवपुर विश्वविद्यालय ने ‘विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार’ शुरू किया

यादवपुर विश्वविद्यालय ने ‘विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार’ शुरू किया
Modified Date: April 26, 2026 / 06:43 pm IST
Published Date: April 26, 2026 6:43 pm IST

कोलकाता, 26 अप्रैल (भाषा) यादवपुर विश्वविद्यालय ने विभिन्न राष्ट्रीय और वैश्विक महत्व के क्षेत्रों में निरंतर और महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित करने के लिए ‘विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार’ की शुरुआत की है। कुलपति चिरंजीब भट्टाचार्य ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह निर्णय इस महीने की शुरुआत में विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की बैठक में लिया गया था।

भट्टाचार्य ने बताया कि इन पुरस्कारों को पांच श्रेणियों-अकादमिक एवं अनुसंधान, कॉरपोरेट नेतृत्व, उद्यमिता, सार्वजनिक जीवन एवं परोपकार, तथा कला, साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति-में प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य पूर्व छात्रों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता देना और वर्तमान छात्रों को प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार विश्वविद्यालय के किसी भी पूर्व छात्र के लिए खुले होंगे।

भट्टाचार्य ने कहा, “ उम्मीदवारों को निर्दिष्ट क्षेत्रों में उत्कृष्टता और सार्थक प्रभाव का निरंतर रिकॉर्ड प्रदर्शित करना होगा।”

पहली बार ये पुरस्कार विश्वविद्यालय के अगले दीक्षांत समारोह के दौरान प्रदान किए जाएंगे।

कुलपति ने कहा, “इस पहल का उद्देश्य पूर्व छात्रों के साथ जुड़ाव को और मजबूत करना तथा विभिन्न पीढ़ियों और भौगोलिक क्षेत्रों में कार्यरत स्नातकों के साथ दीर्घकालिक संबंध स्थापित करना भी है।”

चयन प्रक्रिया एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा संचालित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में