जम्मू-कश्मीर कांग्रेस ने सांसदों के निलंबन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया

Ads

जम्मू-कश्मीर कांग्रेस ने सांसदों के निलंबन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - December 22, 2023 / 03:57 PM IST,
    Updated On - December 22, 2023 / 03:57 PM IST

श्रीनगर, 22 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के कार्यकर्ताओं ने संसद के दोनों सदनों से 146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ शुक्रवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया।

मौलाना आजाद रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और सांसदों के निलंबन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सांसदों के निलंबन के खिलाफ नारेबाजी की और निलंबन को ‘लोकतंत्र की हत्या’ बताया।

प्रदर्शनकारियों ने सिटी सेंटर की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और वापस पार्टी मुख्यालय परिसर की ओर भेज दिया।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष इम्तियाज खान ने पत्रकारों से कहा कि यह देश के लिए ‘बुरा दौर’ है। उन्होंने सांसदों के निलंबन की निंदा की।

खान ने कहा, “जिन सांसदों को निलंबित किया गया है उन्हें लाखों लोगों ने चुना है, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नहीं। जब भी हम संसद में बोलने की कोशिश करते हैं तो वे निलंबन आदेश पारित कर देते हैं। संसद देश का सर्वोच्च मंच है और वे वहां झगड़े भड़का रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘यह एक बुरा दौर है और हम इसकी निंदा करते हैं। जब तक निलंबन आदेश वापस नहीं लिया जाता, हम अपना विरोध जारी रखेंगे।’

उन्होंने कहा कि लोगों के मुद्दों को शांतिपूर्ण समाधान की जरूरत है, तानाशाही की नहीं।

बाद में प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक वहां से चले गए।

भाषा साजन पवनेश

पवनेश