पश्चिम एशिया तनाव, कच्चे तेल की कीमतों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा : विशेषज्ञ

Ads

पश्चिम एशिया तनाव, कच्चे तेल की कीमतों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा : विशेषज्ञ

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 01:12 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 01:12 PM IST

नयी दिल्ली, छह सितंबर (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिका के महंगाई के आंकड़े इस सप्ताह स्थानीय शेयर बाजार की दिशा तय करेंगे। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।

इसके अलावा विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और वैश्विक बाजारों का रुख भी बाजार की दिशा को प्रभावित करेगा।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘इस सप्ताह बाजार वैश्विक मौद्रिक नीति, कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर संवेदनशील रह सकता है। निवेशकों की नजर अमेरिका के उम्मीद से बेहतर रोजगार आंकड़ों के बाद फेडरल रिजर्व की सितंबर में होने वाली मौद्रिक नीति बैठक को लेकर बदलती उम्मीदों पर रहेगी।’’

घरेलू मोर्चे पर विदेशी संस्थागत निवेशकों के प्रवाह, रुपये की चाल, कच्चे तेल की कीमतें और घरेलू बाजार में नकदी की स्थिति पर नजर रहेगी।

मिश्रा ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े घटनाक्रम भी महत्वपूर्ण रहेंगे, क्योंकि इनका भारत की महंगाई, बाहरी संतुलन और कंपनियों की लाभप्रदता पर सीधा असर पड़ सकता है।

एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि पिछले सप्ताह ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत में आठ प्रतिशत से अधिक और डब्ल्यूटीआई में नौ प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंताओं ने वैश्विक ऊर्जा बाजार में भू-राजनीतिक जोखिम बढ़ा दिया है।

अब बाजार की नजर अमेरिका के आगामी महंगाई आंकड़ों पर होगी। एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं सीईओ हरिसेल्वन राधाकृष्णन के अनुसार, ये आंकड़े फेडरल रिजर्व की नीतिगत दिशा और वैश्विक बाजार धारणा के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल और ब्याज दरों को लेकर उम्मीदें भी महंगाई के आंकड़ों से प्रभावित होंगी।

इस बीच, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की ऊंची कीमतें बाजार की धारणा पर लगातार दबाव डाल सकती हैं।

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 749.08 अंक यानी 0.96 प्रतिशत के नुकसान में रहा। वहीं एनएसई निफ्टी 277.95 अंक यानी 1.14 प्रतिशत नीचे आया।

विशेषज्ञों के अनुसार, अगले सप्ताह भारतीय शेयर बाजार की चाल मुख्य रूप से अमेरिकी महंगाई, कच्चे तेल की कीमतों, पश्चिम एशिया के घटनाक्रम और विदेशी निवेशकों के रुख पर निर्भर करेगी।

भाषा अजय अजय योगेश

योगेश