जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री ने भाई के आवास पर छापों को बदले की कार्रवाई बताया
जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री ने भाई के आवास पर छापों को बदले की कार्रवाई बताया
जम्मू, 25 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने बुधवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में अपने भाई के आवास पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की छापेमारी के बाद उनका बचाव करते हुए कहा कि यह कार्रवाई बदले की भावना से की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी ने बुधवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में जम्मू में चौधरी के भाई विजय सिंह के घर पर छापेमारी की।
चौधरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह लड़ाई शुरू हो गई है, और हम इसे कानूनी तौर पर लड़ेंगे। हमें भारत की न्यायपालिका और जम्मू-कश्मीर के कई अच्छे अधिकारियों पर भरोसा है जो इंसाफ पक्का करेंगे। अगर विजय सिंह गलत हैं, तो उन्हें सजा मिलनी चाहिए।’’
जम्मू-कश्मीर पुलिस में निरीक्षक पद पर तैनात अपने भाई के सर्विस रिकॉर्ड का बचाव करते हुए चौधरी ने कहा कि उन्होंने गुरसाई, थानामंडी, डोडा और सुपवाल में आतंकवाद से लड़ाई लड़ी है, और जहां भी उनकी तैनाती हुई, वहां उन्होंने आतंकवादियों और अपराधियों से मुकाबला करके साख बनाई है।
चौधरी ने कहा, ‘‘वह एक ऐसे अधिकारी हैं जिनका पूरा करियर, इतिहास और सर्विस रिकॉर्ड आतंकवाद और अपराध के खिलाफ लगातार लड़ाई को दिखाता है। उन्होंने जहां भी सेवाएं दीं, अपनी हिम्मत और पेशेवर तरीकों के लिए नाम कमाया।’’
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता ने इस छापेमारी को अपने परिवार को ‘‘डराने और बदनाम करने’’ की कोशिश बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस विभाग के आंतरिक कलह के कारण उनके भाई की पदोन्नति रुकी रही।
उन्होंने कहा, ‘‘ऊपर बैठे जो लोग सोचते हैं कि इस घर में कोई छिपा हुआ खजाना मिलेगा, उन्हें कुछ नहीं मिलेगा। आपने पहले की कार्रवाई देखी — अब तक क्या बरामद हुआ है? मेरे पास कई फाइलें आती हैं जिनमें लोग रंगे हाथों पकड़े जाते हैं और बाद में उन्हें बरी कर दिया जाता है।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘हम डरते नहीं हैं। हम जानते हैं कि हम कौन हैं और हम किसके लिए खड़े हैं। आखिर में सच की जीत होगी।’’
भाषा वैभव रंजन
रंजन

Facebook


