जम्मू्-कश्मीर: आतंक-रोधी अभियान के छठे दिन आतंकवादी ठिकानों पर नये सिरे से हमले किये गये
जम्मू्-कश्मीर: आतंक-रोधी अभियान के छठे दिन आतंकवादी ठिकानों पर नये सिरे से हमले किये गये
जम्मू, 28 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के घने जंगलों में आतंक-रोधी अभियान बृहस्पतिवार को लगातार छठे दिन भी जारी रहा और सुरक्षा बलों ने संदिग्ध आतंकवादी ठिकानों पर नये सिरे से गोलीबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, एक स्वघोषित कमांडर समेत दो से तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के इस क्षेत्र में छिपे होने की आशंका है।
यह कार्रवाई उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा द्वारा इलाके का दौरा करने और घने जंगलों में जारी आतंकवाद-रोधी अभियान की समीक्षा करने के एक दिन बाद की गई।
अधिकारियों ने बताया कि मांजकोट क्षेत्र के डोरिमल-गंभीर मुगला इलाके में संदिग्ध ठिकानों पर गोलीबारी शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी और ‘मल्टीपल ग्रेनेड लॉन्चर’ (एमजीएल) के जरिये किये गये हमलों के कारण वन क्षेत्रों से धुएं का गुबार दिखाई दिया।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।
सुरक्षा बलों ने सोमवार को गोलीबारी के बाद एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया था।
अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर, ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चला रही हैं।
सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की विशेष सूचना मिलने के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था।
अभियान के दौरान संदिग्ध आतंकवादियों से आमना-सामना होने पर संक्षिप्त गोलीबारी हुई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने घने जंगलों वाले इलाके में व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


