जम्मू-कश्मीर: भारी बर्फबारी के दौरान राजमार्ग कर्मचारियों ने फंसे बंदरों को बचाया और खाना खिलाया

जम्मू-कश्मीर: भारी बर्फबारी के दौरान राजमार्ग कर्मचारियों ने फंसे बंदरों को बचाया और खाना खिलाया

जम्मू-कश्मीर: भारी बर्फबारी के दौरान राजमार्ग कर्मचारियों ने फंसे बंदरों को बचाया और खाना खिलाया
Modified Date: February 1, 2026 / 01:24 pm IST
Published Date: February 1, 2026 1:24 pm IST

जम्मू, एक फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पटनीटॉप इलाके में भारी बर्फबारी के कारण फंसे कुछ बंदरों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के राजमार्ग रखरखाव कर्मचारियों ने सुरक्षित निकालकर उन्हें भोजन कराया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।

शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के नाशरी-पटनीटॉप-चेनानी खंड के नियमित निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने बंदरों को फंसा हुआ पाया था।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि ‘एसआरएम कॉन्ट्रेक्टर’ के कर्मचारियों ने बर्फ से ढकी सड़क के किनारे और आसपास के वन क्षेत्रों में कई बंदरों को फंसे हुए देखा।

उन्होंने बताया कि ज्यादा बर्फ जमा होने के कारण बंदर न तो सुरक्षित स्थानों पर जा पा रहे थे और न ही उन्हें भोजन-पानी मिल पा रहा था।

प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘वन्यजीवों और सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल खतरे को भांपते हुए कर्मचारियों ने तुरंत बचाव अभियान संचालित किया।’’

अधिकारी ने बताया कि दल ने खाद्य सामग्री की व्यवस्था की और भोजन को निर्धारित स्थानों पर रखा, खाना देखते ही बंदर तत्काल वहां इकट्ठा हो गए और खाना खाने लगे।

अधिकारी ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई से बंदरों के भोजन की तलाश में राजमार्ग पर भटकने का खतरा भी कम हो गया, जिससे दुर्घटनाएं हो सकती थीं।

एक वीडियो में एक कर्मचारी को बंदरों को सुरक्षित स्थान पर ले जाते हुए देखा गया।

भाषा जितेंद्र शोभना

शोभना


लेखक के बारे में