जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भद्रवाह की एक पुरानी घटना से जुड़े वीडियो को लेकर चेतावनी जारी की
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भद्रवाह की एक पुरानी घटना से जुड़े वीडियो को लेकर चेतावनी जारी की
जम्मू, पांच जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को डोडा जिले के लोगों को भद्रवाह में 2022 में घटी एक घटना से जुड़े पुराने वीडियो के प्रसार के खिलाफ चेतावनी दी।
पुलिस ने कहा कि संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया पर गुमराह करने वाली और तोड़-मरोड़कर पेश की गई बातों के साथ साझा किया जा रहा है जिससे सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता है।
पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो नौ जून 2022 को घटी एक घटना से जुड़ा है, जिसके लिए भद्रवाह पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “डोडा पुलिस के संज्ञान में आया है कि जून 2022 में भद्रवाह में हुई एक घटना का पुराना वीडियो अलग-अलग सोशल मीडिया मंच पर भ्रामक और गलत बातों के साथ प्रसारित किया जा रहा है, जिससे आम लोगों में बेवजह चिंता और डर पैदा हो रहा है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वीडियो 2022 की उस घटना से जुड़ा है, जिसकी पूरी तरह से जांच की गई थी।
प्रवक्ता ने कहा कि इस समय बिना संदर्भ के और गुमराह करने वाले दावों के साथ संबंधित वीडियो को फिर से प्रसारित करना गलतफहमी पैदा कर सकता है और सार्वजनिक शांति को भंग कर सकता है।
उन्होंने कहा, “नागरिकों से आग्रह है कि वे कोई भी जानकारी साझा करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से तथ्यों की पुष्टि करें और सांप्रदायिक सद्भाव, सार्वजनिक शांति एवं सामाजिक एकता बनाए रखने के व्यापक हित में जिम्मेदारी से काम करें।”
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


