जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची दिल्ली पहुंची, मोदी से वार्ता करेंगी
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची दिल्ली पहुंची, मोदी से वार्ता करेंगी
(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर बुधवार को यहां पहुंचीं। अपनी यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए वार्ता करेंगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आधिकारिक यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची का स्वागत है। प्रधानमंत्री तकाइची की अगवानी केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने की।’’
उन्होंने कहा, “यह यात्रा भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’
उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में उनके आगमन की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने कहा था कि यह तकाइची की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। मंत्रालय ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर एक से तीन जुलाई तक 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आयेंगी।
मंत्रालय द्वारा 30 जून को जारी एक बयान के अनुसार, तकाइची बृहस्पतिवार को हैदराबाद हाउस में मोदी से मुलाकात करेंगी।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


