केरल में कौडियार महल से दो करोड़ रुपये मूल्य से अधिक के आभूषण चोरी, जांच शुरू

केरल में कौडियार महल से दो करोड़ रुपये मूल्य से अधिक के आभूषण चोरी, जांच शुरू

केरल में कौडियार महल से दो करोड़ रुपये मूल्य से अधिक के आभूषण चोरी, जांच शुरू
Modified Date: March 15, 2026 / 11:58 am IST
Published Date: March 15, 2026 11:58 am IST

तिरुवनंतपुरम, 15 मार्च (भाषा) केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित कौडियार महल से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण चोरी होने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पेरूरकटा पुलिस ने इस संबंध में त्रावणकोर शाही परिवार की वरिष्ठ सदस्य अश्वथी थिरुनल गौरी बाई की शिकायत के आधार पर शनिवार को मामला दर्ज किया।

प्राथमिकी के अनुसार, गौरी बाई के कमरे में रखी अलमारी से अक्टूबर से नवंबर 2025 के बीच चोरी होने का संदेह है।

पुलिस के मुताबिक, लगभग 12 आभूषण गायब हैं, जिनमें 40 सॉवरेन (तौल की इकाई) से अधिक वजन के सोने के हार और अंगूठियां शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इन आभूषणों के प्राचीन होने के कारण इनका वास्तविक मूल्य और अधिक होने की संभावना है क्योंकि ये शाही परिवार के सदस्यों को विरासत में मिले थे।

महल प्रशासन ने आभूषणों के चोरी होने की पुष्टि के बाद पुलिस को मामले की सूचना दी ।

पुलिस ने शनिवार को महल पहुंचकर गौरी बाई का बयान दर्ज किया।

इस संबंध में चोरी के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एक सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महल में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की जा रही है और कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

कौडियार महल त्रावणकोर राजपरिवार का आधिकारिक निवास है। यह राजपरिवार स्वतंत्रता से पहले मध्य और दक्षिणी केरल के बड़े हिस्से पर शासन करता था।

इस घटना को लेकर राजपरिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाषा प्रचेता सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में