झारखंड: पुलिस ने मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ कर दो बहनों को बचाया, तीन लोग गिरफ्तार
झारखंड: पुलिस ने मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ कर दो बहनों को बचाया, तीन लोग गिरफ्तार
गिरिडीह, 27 मई (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में बुधवार को पुलिस ने मानव तस्करी से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो लड़कियों को मुक्त कराया और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार ने बताया कि पचंबा थाना क्षेत्र के एक घर में दो लड़कियों को जबरन वेश्यावृत्ति में धकेले जाने की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक आरके राणा की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन मामले की जांच के लिए किया गया।
अधिकारी ने बताया, “टीम ने छापा मारा और किराए के मकान से दोनों लड़कियों को मुक्त करा लिया। पूछताछ के दौरान लड़कियों ने पुलिस को बताया कि क्रांति देवी नाम की एक महिला उन्हें नौकरी दिलाने के बहाने वहां लाई थी।”
पुलिस ने बताया कि बचाई गई दोनों लड़कियां बहनें हैं।
लड़कियों ने आरोप लगाया कि उन्हें उस स्थान पर लाने के बाद उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और जबरन उनसे यह कार्य करवाया गया।
पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार जब्त कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


