झारखंड: नीट-स्नातक पुनर्परीक्षा के लिए सुरक्षा बढ़ाई गई, सीसीटीवी और जैमर लगाए गये

झारखंड: नीट-स्नातक पुनर्परीक्षा के लिए सुरक्षा बढ़ाई गई, सीसीटीवी और जैमर लगाए गये

झारखंड: नीट-स्नातक पुनर्परीक्षा के लिए सुरक्षा बढ़ाई गई, सीसीटीवी और जैमर लगाए गये
Modified Date: June 20, 2026 / 08:53 pm IST
Published Date: June 20, 2026 8:53 pm IST

रांची, 20 जून (भाषा) झारखंड में रविवार को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) की पुनर्परीक्षा के सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे और इन केंद्रों पर मोबाइल सिग्नल जैमर भी लगाए गए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि झारखंड में कुल 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और 30,000 से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है।

रांची में परीक्षा 21 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

रांची जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य की राजधानी में सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि यह आदेश परीक्षा वाले दिन दोपहर 12 बजे से प्रभावी होगा और रविवार को रात आठ बजे तक सख्ती से लागू रहेगा।

आदेश के मुताबिक, सरकारी अधिकारियों, सरकारी कार्यक्रमों और अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को छोड़कर परीक्षा केंद्रों के पास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने या सार्वजनिक सभाएं आयोजित करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

आदेश में बताया गया कि इस अवधि के दौरान हथियार, लाठी, धनुष-बाण या धारदार हथियार ले जाने और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है। जमशेदपुर में परीक्षा आठ केंद्रों पर आयोजित की जाएगी और करीब 4,200 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है।

जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया, “निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उचित जांच के बाद परीक्षा केंद्रों को दुरुस्त किया गया। सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल सिग्नल जैमर लगाने जैसे उचित सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।”

पुनर्परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में अपराह्न दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक होगी।

जिन दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय की पात्रता है, उन्हें शाम 6:20 बजे तक प्रश्नपत्र को हल करने की अनुमति दी जाएगी।

अभ्यर्थियों से पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न डेढ़ बजे के बीच परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में