झारखंड: संदिग्ध तरीके से जमीन धंसने के कारण ढहे मकान से तीन शव बरामद
झारखंड: संदिग्ध तरीके से जमीन धंसने के कारण ढहे मकान से तीन शव बरामद
धनबाद (झारखंड), एक अप्रैल (भाषा) झारखंड के धनबाद जिले में संदिग्ध भूमि धंसान के कारण एक दिन पहले ढहे एक मकान से बुधवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम सोनारडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत तांडबाड़ी बस्ती में दो मकान ढह गए थे।
उन्होंने बताया कि घटना के समय एक घर में तीन लोग मौजूद थे, जबकि दूसरे घर में कोई भी नहीं था।
बाघमारा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) पुरुषोत्तम सिंह ने कहा, ‘‘तीनों शव मलबे के नीचे दबे हुए थे। बचाव अभियान के दौरान उन्हें निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।’’
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान 70 वर्षीय पुरुष, 35 वर्षीय महिला और 17 वर्षीय लड़की के रूप में हुई है, हालांकि उनके बीच सटीक पारिवारिक संबंध का अब पता नहीं चल पाया है।
बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो ने दावा किया कि जमीन धंसने से कम से कम चार घर ढह गए हैं। उन्होंने मंगलवार शाम घटनास्थल का दौरा किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध खनन व्यापक रूप से हो रहा है, जो इस घटना का कारण हो सकता है।
हालांकि, धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि जमीन बारिश के कारण धंसी और इलाके में कोई अवैध खनन नहीं हो रहा था।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश

Facebook


