झारखंड: विवाहेतर संबंध के आरोप में महिला, पुरुष को अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया
झारखंड: विवाहेतर संबंध के आरोप में महिला, पुरुष को अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया
पाकुड़, एक जुलाई (भाषा) झारखंड के पाकुड़ जिले में कथित अवैध संबंध को लेकर एक महिला और पुरुष को ग्रामीणों द्वारा पीटे जाने तथा चप्पलों की माला पहनाकर अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्ष की उम्र के आसपास के दोनों शादीशुदा व्यक्तियों को अमरापाड़ा थाना क्षेत्र के बुढ़ीडुबा गांव में पिछले कुछ दिन से एक घर में बंधक बनाकर रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि बाहर काम करने वाले महिला के पति को किसी तरह इस संबंध की जानकारी मिली, तो उसने फोन पर ग्रामीणों से बात करके इसकी पुष्टि करने के लिए कहा।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद शुक्रवार रात दोनों घर के अंदर मिले।
अमरापाड़ा थाने के प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने कहा, “ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, पिटाई की और चप्पलों की माला पहनाकर अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया। उन्हें एक ग्रामीण के घर में बंधक बनाकर रखा गया।”
भेंगरा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद सोमवार को दोनों को बचाया गया।
उन्होंने बताया कि महिला ने सात नामजद और 20 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस ने यह भी बताया कि सुरक्षा कारणों से पुरुष और महिला दोनों को फिलहाल थाने में रखा गया है।
उसने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुढ़ीडुबा गांव में पुलिस शिविर स्थापित किया गया है।
भाषा जोहेब पारुल
पारुल

Facebook


