‘ट्रैक्टर परेड’ में दिल्ली गए जींद के युवक का अबतक नहीं चला पता
‘ट्रैक्टर परेड’ में दिल्ली गए जींद के युवक का अबतक नहीं चला पता
जींद (हरियाणा), 19 जून (भाषा) केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों द्वारा आयोजित ‘ट्रैक्टर परेड’ में शामिल होने करीब पांच माह पहले दिल्ली गए जनपद के कंडेला गांव के 27 वर्षीय युवक बिजेंद्र का अब तक कोई पता नहीं चला है। पुलिस लापता युवक की तलाश कर रही है।
सदर थाने के प्रभारी दिनेश कुमार ने शनिवार को कहा कि बिजेंद्र का पता लगाने के लिये हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव के जिम्मेदार व्यक्ति पुलिस को सहयोग के लिए दिए जाएं, ताकि बिजेंद्र की पहचान की जा सके। कुमार ने बताया कि बिजेंद्र के चाचा के साथ पुलिस का एक दल दिल्ली में उसकी तलाश के लिए गया हुआ है।
बिजेंद्र की कोई खबर नहीं मिलने से परेशान उसकी मां संतोष ने कहा, ‘‘जिसका जवान कमाने वाला बेटा लापता हो उसका क्या हाल होगा। पिछले पांच महीने से घर बिखर गया है। भूख-प्यास सब खत्म हो गई हैं।’’ उनके अनुसार बीती तीन जून को जब किसान नेता राकेश टिकैत जींद में आए थे, तब वह उनसे मिली थीं और उन्होंने उनसे बेटे को तलाश करने की गुहार लगाई थी।
इस संबंध में ग्रामीणों ने उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया से मुलाकात कर उनसे लापता युवक का पता लगाने का अनुरोध किया था। उपायुक्त ने दिल्ली पुलिस प्रशासन से बात कर जल्द युवक की तलाश का आश्वासन दिया था।
गौरतलब है कि बिजेंद्र नाम का युवक 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के दौरान गायब हुआ था। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता छज्जूराम कंडेला ने कहा कि अगर पुलिस इस दौरान बिजेंद्र को नहीं तलाश पाती है, तो 15 दिन बाद संयुक्त किसान मोर्चा के साथ मिलकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
भाषा सं. राजकुमार प्रशांत
प्रशांत

Facebook


