जो सैको की मुजफ्फरनगर दंगों पर लिखी किताब भारत में वितरित नहीं होगी : पेंगुइन

जो सैको की मुजफ्फरनगर दंगों पर लिखी किताब भारत में वितरित नहीं होगी : पेंगुइन

जो सैको की मुजफ्फरनगर दंगों पर लिखी किताब भारत में वितरित नहीं होगी : पेंगुइन
Modified Date: June 6, 2026 / 03:36 pm IST
Published Date: June 6, 2026 3:36 pm IST

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) पत्रकार एवं लेखक जो सैको का मुजफ्फरनगर दंगों पर आधारित ग्राफिक्स उपन्यास भारत में वितरित नहीं किया जाएगा। ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ (पीआरएचआई) ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मूल रूप से पेंगुइन-यूके द्वारा 2025 में प्रकाशित, ‘द वन्स एंड फ्यूचर रायट’ के इस साल अगस्त-सितंबर तक भारतीय बाजार में आने की उम्मीद थी।

पीआरएचआई के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह निर्णय स्थानीय कानूनी, नियामक, वाणिज्यिक और बाजार संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमारी मानक प्रक्रिया के अंतर्गत, भारत में आयात या वितरण संबंधी निर्णय लेने से पहले स्थानीय कानूनी, नियामक, वाणिज्यिक और बाजार संबंधी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुस्तकों की समीक्षा की जाती है। भारतीय बाजार से संबंधित मामलों को मूल प्रकाशक के साथ सामान्य प्रक्रिया के तहत साझा किया गया था।’’

इससे पहले, ‘इंडियन एक्सप्रेस’ ने खबर दी थी कि प्रकाशक ने ‘‘गलत नक्शे’’ के कारण पुस्तक के वितरण पर रोक लगा दी है और मूल प्रकाशक की ओर से ‘‘कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है’’।

अपने पिछले उपन्यासों में गाजा, फलस्तीन और बाल्कन में संघर्ष के चित्रण के लिए उपन्यासकार सैको को काफी सराहना मिली है।

अपने नवीनतम उपन्यास में, सैको ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगों का विस्तृत वर्णन किया है, जिनमें कथित तौर पर 60 से अधिक लोग मारे गए और 40,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए थे।

इस पुस्तक की आयातित प्रतियां कुछ ऑनलाइन मंचों पर उपलब्ध हैं।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में