झारखंड: बिजली का झटका लगने से पत्रकार की मौत
झारखंड: बिजली का झटका लगने से पत्रकार की मौत
जमशेदपुर, छह जून (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक हिंदी दैनिक के 50 वर्षीय पत्रकार की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना घाटशिला अनुमंडल के मुसाबनी कॉपर टाउनशिप स्थित पत्रकार के घर में हुई।
‘दैनिक भास्कर’ के मुसाबनी संवाददाता मृत्युंजय सिंह अपनी पत्नी और बेटी को घाटशिला रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे।
मुसाबनी थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि घर लौटने के बाद मृत्युंजय सिंह अपने घर के पीछे स्थित गौशाला में गए, जहां वह एक बिजली के तार के संपर्क में आ गए।
उन्होंने बताया कि उन्हें तत्काल एक नजदीकी क्लीनिक ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शव को मौभंडार अस्पताल में रखा गया है और परिजनों के लौटने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना की सूचना परिवार को दे दी गई है। उनकी पत्नी और बेटी वापस घर आ रही हैं।
इस बीच, जमशेदपुर प्रेस क्लब ने पत्रकार के अचानक हुए निधन पर शोक व्यक्त किया है।
क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव ने कहा कि मृत्युंजय सिंह मिलनसार स्वभाव के थे और अपने पेशे के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
भाषा राखी माधव
माधव

Facebook


