न्यायाधीश ने प्रश्नपत्र लीक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत का कार्यभार संभाला

Ads

न्यायाधीश ने प्रश्नपत्र लीक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत का कार्यभार संभाला

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 12:11 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 12:11 PM IST

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित अदालत की विशेष न्यायाधीश ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया। अदालत से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि विशेष न्यायाधीश अनु ग्रोवर बलिगा ने राउज एवेन्यू जिला अदालत परिसर में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत अपराधों और उनसे जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई के लिए विशेष रूप से गठित त्वरित अदालत का कार्यभार संभाला।

अदालत से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 के प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए 13 आरोपियों से संबंधित मुकदमे की सुनवाई इस अदालत में स्थानांतरित किए जाने की संभावना है।

इससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को एक अधिसूचना जारी कर कहा था कि न्यायिक अधिकारी अनु ग्रोवर बलिगा की अदालत ‘‘विशेष रूप से गठित त्वरित अदालत’’ के रूप में तत्काल प्रभाव से काम करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 23 जुलाई की उस घोषणा के बाद यह अधिसूचना जारी की गई, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रश्नपत्र लीक मामलों का तेजी से निपटारा करने के लिए त्वरित अदालतें स्थापित की जाएंगी।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना