अल्पसंख्यकों को लक्षित करके गोली मारने संबंधी भाजपा के वीडियो पर न्यायपालिका कार्रवाई करे:कांग्रेस
अल्पसंख्यकों को लक्षित करके गोली मारने संबंधी भाजपा के वीडियो पर न्यायपालिका कार्रवाई करे:कांग्रेस
नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर उसकी असम इकाई के ‘एक्स’ खाते पर पोस्ट किए गए एक कथित वीडियो को लेकर तीखा हमला बोला और दावा किया कि इसमें “अल्पसंख्यकों की लक्षित और बिल्कुल करीब से हत्या” दिखाई गई है जो बेहद गंभीर है तथा न्यायपालिका को इसमें किसी भी तरह की नरमी बरते बिना कार्रवाई करनी चाहिए।
अब हटाए जा चुके इस वीडियो में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा कथित तौर पर राइफल से दो लोगों पर निशाना साधकर गोली चलाते दिखाए गए थे जिनमें से एक व्यक्ति ने टोपी पहन रखी है जबकि दूसरे की दाढ़ी है। वीडियो के कैप्शन में “पॉइंट ब्लैंक शॉट” लिखा गया था।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने इस मुद्दे पर भाजपा की कड़ी आलोचना की करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा के एक आधिकारिक खाते से अल्पसंख्यकों की लक्षित और बहुत करीब से (पॉइंट ब्लैंक) हत्या दिखाने वाला वीडियो पोस्ट किया गया। यह नरसंहार का खुला आह्वान है-एक ऐसा सपना जिसे यह फासीवादी शासन दशकों से देखता रहा है।”
वेणुगोपाल ने कहा कि इसे सामान्य ट्रोल सामग्री मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, बल्कि यह शीर्ष स्तर से फैलाया गया जहर है और इसके लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “(प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी की ओर से इसकी निंदा किये जाने या कोई कार्रवाई की उम्मीद नहीं है, लेकिन न्यायपालिका को जरूर कदम उठाना चाहिए और किसी तरह की नरमी नहीं बरतनी चाहिए।”
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि वीडियो को हटाना काफी नहीं है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘यही असली भाजपा है। यह नफरत, जहर और हिंसा आपकी दी हुई है, श्री मोदी। क्या अदालतें और अन्य संस्थाएं सो रही हैं?”
कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भी ‘एक्स’ पर कहा, “नरेन्द्र मोदी जी, आप ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात करते हैं, लेकिन आपके नेता हिमंत विश्व शर्मा का मुसलमानों को गोली मारते दिखाने वाला वीडियो भाजपा की असम इकाई के आधिकारिक खाते से पोस्ट किया गया।”
शिवसेना (उबाठा) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी भाजपा की आलोचना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘भाजपा की असम इकाई के ‘एक्स’ खाते ने ‘पॉइंट ब्लैंक शॉट’ शीर्षक से नफरत और लक्षित हिंसा से भरा वीडियो पोस्ट किया। विरोध के बाद इसे हटा दिया गया, लेकिन तब तक कई लोग इसे डाउनलोड कर आगे फैला चुके थे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग बेशर्मी से नफरत फैलाने वाले और राजनीतिक रूप से लक्षित करने के इस सबसे घृणित रूप को नजरअंदाज करेगा जो भाजपा के सामने असल में असहाय और बेकार है।
भाषा खारी संतोष
संतोष

Facebook


