कबड्डी खिलाड़ी हत्याकांड : पंजाब पुलिस ने अगरतला से एक और आरोपी शूटर को गिरफ्तार किया
कबड्डी खिलाड़ी हत्याकांड : पंजाब पुलिस ने अगरतला से एक और आरोपी शूटर को गिरफ्तार किया
चंडीगढ़, चार मई (भाषा) पंजाब पुलिस ने कबड्डी खिलाड़ी एवं प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की पिछले साल दिसंबर में हुई हत्या में कथित तौर पर शामिल एक शूटर को त्रिपुरा के अगरतला से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस के ‘गैंगस्टर विरोधी कार्य बल’ (एजीटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत आदित्य उर्फ मक्खन को गिरफ्तार कर लिया।
राणा बलाचौरिया (30) की 15 दिसंबर 2025 को मोहाली के सोहाना में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
डीजीपी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता के तहत एजीटीएफ ने केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ मिलकर एक समन्वित अभियान चलाकर कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की सनसनीखेज हत्या में शामिल शूटर में से एक आदित्य उर्फ मक्खन को अगरतला, त्रिपुरा से गिरफ्तार किया।”
उन्होंने कहा, “विदेश में स्थित आकाओं के निर्देश पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित हत्या को अंजाम दिया था। हालांकि, एजीटीएफ ने उसके साथियों को पहले ही कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आरोपी अब तक फरार था।”
भाषा यासिर दिलीप
दिलीप

Facebook


