बेंगलुरु, 26 फरवरी (भाषा) कन्नड़ फिल्म निर्देशक का कथित तौर पर अपहरण कर उनकी बेरहमी से पिटाई करने और उनसे सोने के गहने व नकदी लूटने के आरोप में एक महिला समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह मामला 11 फरवरी को निर्देशक द्वारा अडुगोडी थाने में दर्ज कराई गयी शिकायत के बाद सामने आया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में ऐश्वर्या नाम की एक अभिनेत्री भी शामिल है, जो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हैं।
पुलिस ने बताया कि टीए अनीश ने शिकायत में बताया कि उन्होंने ‘जीवनदा भाषे’ नाम की एक नई फिल्म का निर्देशन किया है, जो अभी रिलीज होनी बाकी है।
फिल्म के एक निवेशक और उनके साथ काम करने वाले एक अन्य सहयोगी का अनीश के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया।
लगभग दो महीने पहले, शिकायतकर्ता बेंगलुरु से मुंबई आ गए।
अनीश ने शिकायत में बताया कि इस दौरान उन्होंने बेंगलुरु के इंदिरा नगर में रहने वाली अपनी एक अभिनेत्री मित्र को बताया कि वह अपनी कार बेचना चाहते हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को इस बात की जानकारी अभिनेत्री के माध्यम से मिली और उन्होंने शिकायतकर्ता से कहा कि वे वाहन बेचने में उनकी मदद करेंगे।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने नौ फरवरी को शिकायतकर्ता को मुंबई से बेंगलुरु बुलाया और उन्हें अडुगोडी थानाक्षेत्र के भीतर एक स्थान पर आने के लिए कहा।
उन्होंने बताया कि उसी रात आरोपियों ने निर्देशक को कथित तौर पर अगवा कर लिया और ब्यादराहल्ली थाना क्षेत्र में एक घर में ले गए, जहां उन्हें बंधक बनाकर रखा गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद पांच से छह लोगों ने क्रिकेट स्टंप और हॉकी से उनकी कथित तौर पर पिटाई की और उनसे सोने के गहने व 30,000 रुपये नकदी लूट ली।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें हिरासत में भेज दिया।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन