कर्नाटक ने कबानी नदी पर बैराकुप्पा पुल निर्माण के लिए दी मंजूरी : केरल के मंत्री

कर्नाटक ने कबानी नदी पर बैराकुप्पा पुल निर्माण के लिए दी मंजूरी : केरल के मंत्री

कर्नाटक ने कबानी नदी पर बैराकुप्पा पुल निर्माण के लिए दी मंजूरी : केरल के मंत्री
Modified Date: August 6, 2026 / 10:57 am IST
Published Date: August 6, 2026 10:57 am IST

तिरुवनंतपुरम, छह अगस्त (भाषा) कर्नाटक सरकार ने केरल-कर्नाटक सीमा पर कबानी नदी पर लंबित बैराकुप्पा पुल के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कर दिया है। केरल के लोक निर्माण मंत्री पी ए बशीर ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंत्री ने कहा कि उन्हें बेंगलुरु में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के साथ हुई चर्चा के बाद यह मंजूरी मिली।

बशीर ने कहा कि दशकों से लंबित इस परियोजना को कर्नाटक सरकार ने स्वीकृति दे दी है।

प्रस्तावित अंतरराज्यीय पुल केरल के वायनाड जिले के पेरिक्कल्लूर को कर्नाटक के कोडागु जिले के बैराकुप्पा से जोड़ेगा। इससे दोनों राज्यों के बीच सड़क संपर्क का एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।

मंत्री के अनुसार, इस पुल की आधारशिला 36 वर्ष पहले रखी गई थी। इसके बाद 15 मार्च, 2002 को तत्कालीन केंद्रीय पोत परिवहन, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की थी।

उन्होंने बताया कि केरल की ओर संपर्क मार्ग का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि परियोजना के पूरा होने के लिए अब कर्नाटक की ओर संपर्क मार्ग का निर्माण आवश्यक है।

बशीर ने कहा कि उन्होंने पहले कर्नाटक सरकार को पत्र लिखकर उसकी ओर संपर्क मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण और पर्यावरणीय मंजूरियों की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि ताजा एनओसी परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भाषा मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में