प्रत्येक विधायक को आईपीएल मैच के चार वीआईपी टिकट दिये जाने चाहिए: कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष
प्रत्येक विधायक को आईपीएल मैच के चार वीआईपी टिकट दिये जाने चाहिए: कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष
बेंगलुरु, 26 मार्च (भाषा) कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू. टी. खादर ने बृहस्पतिवार को राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करने को कहा कि बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट मैचों के दौरान प्रत्येक विधायक को वीआईपी कोटे से चार टिकट सुनिश्चित किया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने यह निर्देश, विपक्ष के नेता आर अशोक समेत कई विधायकों द्वारा यह दावा किये जाने के बाद जारी किया कि उन्हें मैचों के दौरान सिर्फ एक टिकट दिया गया और बैठने की उचित व्यवस्था नहीं की गई। कुछ विधायकों ने स्टेडियम में अपने लिए अलग लाउंज की भी मांग की।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब 28 मार्च को बेंगलुरु में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का उद्घाटन मुकाबला पिछले साल के विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होना है।
विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश के बाद उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने कहा कि वह कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के अधिकारियों से बात करेंगे और विधानसभा के अगले सत्र के दौरान सदन को सूचित करेंगे।
इस पर, खादर और कुछ विधायकों ने उल्लेख किया कि आईपीएल मैच 28 मार्च से शुरू हो रहे हैं।
इसके बाद, शिवकुमार ने कहा कि वह तुरंत केएससीए अधिकारियों से बात करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं वहां के अध्यक्ष को व्यक्तिगत रूप से जानता हूं। मैं केएससीए का सदस्य होने के नाते उनके चुनावों में वोट भी देता हूं। विधायकों द्वारा यह मांग करने में कुछ भी गलत नहीं है। उन्हें यह सुविधा मांगने का पूरा अधिकार है। मैं उनसे बात करूंगा।’’
यह मुद्दा एक चर्चा के दौरान उस वक्त उठा, जब मंत्री के. जे. जॉर्ज ने बेंगलुरु के विकास पर हो रही चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि उन्होंने पहले सुझाव दिया था कि अगर विरासत विमानन संस्थान ‘जक्कूर फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल’ को उसके वर्तमान स्थल से स्थानांतरित किया जाता है तो एक नया खेल मैदान या स्टेडियम बनाने पर विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने इस प्रस्ताव का विरोध किया और आरोप लगाया कि सरकार ‘बिल्डर्स’ को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बाद में इस मुद्दे को स्थगित कर दिया, और कोई निर्णय नहीं लिया गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सी. एन. अश्वथ नारायण ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए, सवाल किया कि क्या बेंगलुरु में क्रिकेट के एक नये मैदान के लिए जमीन की कमी है?
उन्होंने कहा, ‘‘क्या उन्हें सरकारी जमीन की जरूरत है? उन्हें केवल सरकारी अनुमति की जरूरत है।’’
आर. अशोक ने कहा, ‘‘वे (केएससीए) मैचों के दौरान हमें उपयुक्त रूप से टिकट नहीं देते हैं, फिर भी सरकार उन्हें स्टेडियम के लिए जमीन देना चाहती है।’’
भाषा यासिर सुभाष
सुभाष

Facebook


