कर्नाटक उपचुनाव : कांग्रेस जल्द कर सकती है उम्मीदवारों के नाम घोषित

Ads

कर्नाटक उपचुनाव : कांग्रेस जल्द कर सकती है उम्मीदवारों के नाम घोषित

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 09:04 PM IST

बेंगलुरु, 21 मार्च (भाषा) कांग्रेस में कर्नाटक के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को संकेत दिया कि पार्टी आगामी उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन के करीब पहुंच चुकी है और टिकट आवंटन पर फैसला आज देर रात या 22 मार्च तक लिया जा सकता है।

दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट विधानसभा सीटों पर नौ अप्रैल को होने वाले उपचुनावों को लेकर कांग्रेस में अंदरूनी स्तर पर जोरदार गुटबाजी जारी है। इच्छुक उम्मीदवार और विभिन्न समुदायों के नेता जल्द निर्णय लेने के लिए पार्टी नेतृत्व पर दबाव बना रहे हैं।

सुरजेवाला ने यहां संवाददाताओं से कहा, “टिकटों की घोषणा आज रात तक या कल कर दी जाएगी। पार्टी लगभग पूरी तरह सहमति पर पहुंच चुकी है।”

उन्होंने कहा कि पार्टी व्यापक चर्चा करना चाहती है।

उन्होंने कहा, “अगर किसी एक कार्यकर्ता की भी अलग राय है, तो उसे सुना जाना चाहिए। यही कांग्रेस पार्टी की कार्यप्रणाली है। हम किसी पर निर्णय थोपेंगे नहीं, बल्कि सभी की बात सुनकर फैसला करेंगे।”

सुरजेवाला ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अंतिम निर्णय लेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार विभिन्न स्तरों पर विचार-विमर्श के बाद अपनी सिफारिशें भेजेंगे।

इन उपचुनावों की जरूरत दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट सीटों के रिक्त होने के कारण पड़ी, जो क्रमशः कांग्रेस विधायकों शमनूर शिवशंकरप्पा और एच.वाई. मेटी के निधन के बाद खाली हुई हैं। दोनों नेताओं ने 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव