लखनऊ। UP Conductor Recruitment: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। निगम द्वारा 2584 महिला परिचालकों की संविदा के आधार पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न शहरों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिससे भर्ती प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाया जा सके। Uttar Pradesh Women Bus Conductor Recruitment
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि चयनित महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद के डिपो में ही नियुक्त किया जाएगा। इससे महिलाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिलने की सुविधा मिलेगी और आवागमन की समस्या भी कम होगी। भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है। साथ ही अभ्यर्थियों के पास सीसीसी (कंप्यूटर) प्रमाणपत्र होना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी, जिसमें इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर सूची तैयार की जाएगी।
इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों के पास एनसीसी ‘बी’ प्रमाणपत्र, एनएसएस प्रमाणपत्र या भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य या राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाणपत्र होंगे, उन्हें मेरिट में 5 प्रतिशत अतिरिक्त भारांक दिया जाएगा। अभ्यर्थियों का उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन या उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से जुड़ा होना भी आवश्यक रखा गया है। चयनित महिला परिचालकों को संविदा चालकों और परिचालकों के समान ही पारिश्रमिक प्रदान किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। 25 मार्च को सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूट धाम-बांदा और प्रयागराज में, 28 मार्च को गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या और वाराणसी में, 30 मार्च को मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन और आजमगढ़ में आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा, एक अप्रैल को नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ और गोरखपुर में मेले लगाए जाएंगे। इच्छुक महिला अभ्यर्थी अपने नजदीकी क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में जाकर आवेदन कर सकती हैं और भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं।
इन्हें भी पढ़ें:-