कर्नाटक : भटकल में युवक-युवती को ले जा रही कार रोकने पर विवाद, हिंदू संगठनों के नेताओं पर प्राथमिकी
कर्नाटक : भटकल में युवक-युवती को ले जा रही कार रोकने पर विवाद, हिंदू संगठनों के नेताओं पर प्राथमिकी
कारवार (कर्नाटक), 18 जून (भाषा) कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के तटीय शहर भटकल में हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को ले जा रही कार को रोकने के बाद पुलिस ने संबंधित नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, जिसके विरोध में संगठनों ने प्रदर्शन किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम भटकल-सागर मार्ग पर हुई। बताया जाता है कि हिंदू संगठनों के नेताओं को सूचना मिली थी कि एक मुस्लिम युवक एक हिंदू युवती को किसी अज्ञात स्थान पर ले जा रहा है, जिसके बाद उन्होंने वाहन को रोक लिया।
कार रोकने के बाद कार्यकर्ताओं ने उसमें सवार युवक और युवती से पूछताछ की। बाद में युवती को उसके भटकल स्थित घर भेज दिया गया, जबकि मुस्लिम युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस घटना में शामिल हिंदू संगठनों के नेताओं के खिलाफ पुलिस द्वारा एक प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज करना उचित नहीं है, क्योंकि युवती को सुरक्षित उसके परिवार के पास पहुंचा दिया गया था और युवक को बिना किसी नुकसान के पुलिस को सौंप दिया गया था।
प्राथमिकी के विरोध में बाद में सैकड़ों हिंदू कार्यकर्ता भटकल टाउन पुलिस थाने के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए पुलिस से अपने नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने का कारण पूछा।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब युवक को सुरक्षित पुलिस को सौंप दिया गया था, तो फिर प्राथमिकी दर्ज करने का औचित्य क्या है।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने अभी तक युवक और युवती के बीच संबंधों या प्राथमिकी में दर्ज आरोपों के संबंध में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि भटकल एक संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए तत्काल कार्रवाई करना आवश्यक था। पुलिस ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा मनीषा अमित
अमित

Facebook


