यादगिर, 26 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के यादगिर में एक वीडियो के वायरल होने के बाद एक स्वयंभू बाबा के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस वीडियो में स्वयंभू बाबा को सात वर्षीय बच्ची को कथित तौर पर गलत तरीके से छूते हुए दिखाया गया है जिससे लोगों में अक्रोश फैल गया।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने कथित वीडियो पर संज्ञान लेते हुए शाहपुर निवासी मल्लिकार्जुन मुथ्या नाम के स्वयंभू बाबा के खिलाफ मामला दर्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि आयोग ने यादगिर के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मामले की जांच और रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अनुरोध किया है।
कथित वीडियो में 26 वर्षीय मुथ्या बच्ची को गोद में लिए हुए, उसके माता-पिता की उपस्थिति में उसे गलत तरीके से छूते और चूमते हुए दिखाई दे रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि फुटेज में बच्ची असहज दिख रही थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा कल (25 फरवरी) दी गई शिकायत के आधार पर हमने पॉक्सो की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हमने बच्ची और उसके माता-पिता के बयान दर्ज किए हैं, जिन्होंने कहा कि उन्हें उसकी हरकतें अनुचित नहीं लगीं या यह सिर्फ एक गलत स्पर्श था।”
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मुथ्या को नोटिस जारी किया गया और मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष