गोलीबारी को लेकर हुए हंगामे के बाद कर्नाटक विधान परिषद स्थगित
गोलीबारी को लेकर हुए हंगामे के बाद कर्नाटक विधान परिषद स्थगित
बेंगलुरु, 17 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के चामराजनगर में 15 अगस्त को वन विभाग के कर्मियों के साथ कथित मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत का मामला सोमवार को विधान परिषद में जोरदार हंगामे का कारण बना, जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
विपक्षी भाजपा ने तीन संदिग्ध शिकारियों की मौत को सरकार द्वारा की गई हत्या करार दिया।
विपक्ष के नेता चालवाडी नारायणस्वामी ने मामले पर तत्काल चर्चा कराने और राज्य के वन मंत्री रामलिंगा रेड्डी से जवाब देने की मांग करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए न्याय की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘तीन अनमोल जानें चली गईं। यह सरकार द्वारा की गई हत्या है। मारे गए लोग अल्पसंख्यक थे। उनके परिवारों को न्याय मिलना चाहिए।’’
इसके जवाब में मंत्री बसवराज राय रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को इसके लिए नोटिस देना होगा।
सभापति सलीम अहमद ने विपक्षी भाजपा से शांत रहने की अपील की, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।
भाजपा विस्तृत चर्चा की मांग पर अड़ी रही और सदन के भीतर नारेबाजी शुरू कर दी। सदन की व्यवस्था बिगड़ती देख सभापति अहमद ने कार्यवाही स्थगित कर दी।
शाग्या रेंज के तहत दत्ती वन क्षेत्र में शनिवार को वनकर्मियों के साथ कथित मुठभेड़ में तीन संदिग्ध शिकारियों की मौत हो गई। घटना के बाद मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए।
मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने बताया था कि यह घटना कावेरी वन्यजीव अभयारण्य के अंतर्गत आने वाले घने जंगल क्षेत्र में हुई, जहां शिकार की सूचना मिलने के बाद वनकर्मियों ने चार लोगों को रोका।
मंत्री के अनुसार, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत होने की सूचना है। एक व्यक्ति कथित तौर पर मौके से फरार हो गया।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


