कर्नाटक : बांग्लादेशियों को मंगलुरु लाने के आरोप में तीन लोगों पर मामला दर्ज
कर्नाटक : बांग्लादेशियों को मंगलुरु लाने के आरोप में तीन लोगों पर मामला दर्ज
मंगलुरु (कर्नाटक), 14 जुलाई (भाषा) बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से लाकर काम दिलाने के लिए पश्चिम बंगाल के तीन लोगों के खिलाफ सोमवार को यहां मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मोइदीन इस्लाम, रसूल इस्लाम और दिलावर हुसैन के खिलाफ बांग्लादेशियों को अवैध रूप से यहां लाकर उन्हें काम दिलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। ये तीनों पश्चिम बंगाल के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि ये आरोपी विभिन्न उत्तर भारतीय राज्यों से श्रमिकों को मंगलुरु ला रहे थे। साथ ही ये कथित तौर पर बांग्लादेशियों को भी अपने साथ लेकर आए और विभिन्न निर्माण स्थलों पर उन्हें काम दिलाया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मोइदीन इस्लाम और दिलावर हुसैन को मंगलुरु में गिरफ्तार किया गया है, जबकि रसूल इस्लाम को कोलकाता पुलिस की सहायता से कोलकाता में गिरफ्तार किया गया।
मंगलुरु नगर पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी ने बताया कि मंगलुरु पुलिस की एक टीम रसूल इस्लाम को यहां लाने के लिए कोलकाता रवाना हो चुकी है। आगे की पूछताछ से यह पता चलने की संभावना है कि क्या और लोग इस नेटवर्क में शामिल हैं।
भाषा सं राजेंद्र
मनीषा
मनीषा

Facebook


