कर्नाटक : विधायकों के लिए बजट पर नौ मार्च को होगा कार्यशाला का आयोजन

कर्नाटक : विधायकों के लिए बजट पर नौ मार्च को होगा कार्यशाला का आयोजन

कर्नाटक : विधायकों के लिए बजट पर नौ मार्च को होगा कार्यशाला का आयोजन
Modified Date: March 7, 2026 / 10:26 pm IST
Published Date: March 7, 2026 10:26 pm IST

मंगलुरु, सात मार्च (भाषा) कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष यूटी खादर ने शनिवार को कहा कि प्रदेश के बजट के विभिन्न पहलुओं पर विधायकों के लिए एक कार्यशाला का आयोजन नौ मार्च को शहर के ललित अशोक हॉल में किया जाएगा।

यहां सर्किट हाउस में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला बजट सत्र के महत्व, राजस्व, वित्तीय व्यवस्था की कार्य प्रणाली और सरकारी अनुदानों के वर्गीकरण, आवंटन एवं उपयोग पर केंद्रित होगी।

उन्होंने कहा कि इस सत्र का संचालन मुख्यमंत्री सिद्धरमैया द्वारा किया जाएगा जिन्होंने कई बार प्रदेश का बजट पेश किया है और जिन्हें इस प्रदेश के वित्तीय प्रबंधन का गहरा अनुभव है। इस कार्यशाला में विधायक अपनी शंकाएं दूर कर सकेंगे और वित्तीय प्रबंधन एवं बजट प्रक्रियाओं को लेकर समझ बेहतर कर सकेंगे।

खादर ने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम का इरादा बजट भाषण पर बहस करना नहीं है, बल्कि विधायकों को बजट की प्रक्रियाओं और राजकोषीय प्रशासन से रूबरू करना है। इस पहल का लक्ष्य विधायकों को वित्तीय मामले देखने के लिए आवश्यक ज्ञान से युक्त करना है क्योंकि कुछ विधायक भविष्य में वित्त मंत्री जैसे प्रमुख पद संभाल सकते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पहली बार इस तरह की कार्यशाला आयोजित की जा रही है और सभी विधायकों से इसमें शामिल होने का आग्रह किया गया है।

खादर ने संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बजट की आलोचना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है और इस मुद्दे पर विधानसभा सत्र के दौरान चर्चा होगी। उन्होंने इस तटीय क्षेत्र में ढांचागत सुविधाओं और कौशल विकास की पहल समेत कई विकास प्रस्तावों का जिक्र किया जिससे स्थानीय युवाओं को लाभ होने की संभावना है।

भाषा

सं, राजेंद्र

रवि कांत


लेखक के बारे में