कर्नाटक : मैसुरु में घर में मृत पाई गई महिला, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
कर्नाटक : मैसुरु में घर में मृत पाई गई महिला, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
मैसुरु, आठ जून (भाषा) कर्नाटक के मैसुरु में सोमवार को 30 वर्षीय एक विवाहित महिला का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस के अनुसार, महिला के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि वैवाहिक विवाद के चलते उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है। संध्या का शव स्थानीय सरस्वतीपुरम में जावरेगौड़ा पार्क के पास उसके घर से बरामद किया गया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक, संध्या की शादी अक्षय से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे थे।
पुलिस ने बताया कि संध्या का शव छत के पंखे से लटका हुआ पाया गया। संध्या के माता-पिता का आरोप है कि पति और ससुराल वालों द्वारा उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और उन्होंने दावा किया कि उसकी हत्या की गई है।
संध्या की मां गीता निंगराजू ने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने उनकी बेटी की हत्या की और बाद में शव को फंदे से लटका दिया।
गीता निंगराजू ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने शादी में अच्छा-खासा दहेज और आधा किलोग्राम सोना दिया था तथा धूमधाम से शादी की थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही उनके बीच विवाद शुरू हो गया। मेरी बेटी को उसके पति, सास और ससुर द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। वह सब कुछ बर्दाश्त करती रही और वहीं रहती रही, क्योंकि उसे डर था कि मायके लौटने से परिवार की बदनामी होगी। ’’
निंगराजू ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए संध्या की मां ने दोषियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है।
संध्या की एक रिश्तेदार मंजूला ने भी आरोप लगाया कि दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते थे और उनके बीच के विवादों को सुलझाने के लिए परिवार के बुजुर्गों ने कई बार हस्तक्षेप भी किया था।
मंजूला ने आरोप लगाया, ‘‘संध्या एक साहसी महिला थी और वह कभी अपनी जान नहीं ले सकती थी। अक्षय ने उसकी हत्या की, शव को पंखे से लटका दिया और फिर फरार हो गया।’’
सरस्वतीपुरम थाना पुलिस के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई साजिश (हत्या) थी। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा रविकांत दिलीप
दिलीप

Facebook


