केदारनाथ: मंदिर समिति के विशिष्ट अतिथियों के बिल भरने संबंधी खबरों पर जांच समिति गठित

केदारनाथ: मंदिर समिति के विशिष्ट अतिथियों के बिल भरने संबंधी खबरों पर जांच समिति गठित

केदारनाथ: मंदिर समिति के विशिष्ट अतिथियों के बिल भरने संबंधी खबरों पर जांच समिति गठित
Modified Date: May 27, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: May 27, 2026 8:39 pm IST

गोपेश्वर, 27 मई (भाषा) केदारनाथ धाम में विशिष्ट अतिथियों के आवासीय एवं भोजन बिलों का भुगतान बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों का संज्ञान लेते हुए एक जांच समिति गठित की गयी है । मंदिर समिति ने बुधवार को यह जानकारी दी ।

यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने इस संबंध में आदेश जारी किये।

द्विवेदी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सत्यता सामने लाने के उद्देश्य से मंदिर समिति की चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है जो मामले में जांच पूरी कर तीन सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी ।

उन्होंने कहा कि मंदिरों के दान के पैसों का किसी भी स्तर पर दुरुपयोग नहीं करने दिया जायेगा । उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद उसे सार्वजनिक किया जाएगा तथा जिम्मेदारी तय करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।

हाल में सोशल मीडिया पर इस प्रकार की खबरें प्रसारित हुईं कि केदारनाथ धाम में भगवान के दर्शन के लिए पहुंचे विशिष्ट श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन के बिलों का भुगतान मंदिर समिति के खाते से किया गया।

भाषा सं दीप्ति राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में