केजरीवाल शाम को उपराज्यपाल से भेंट करेंगे

Ads

केजरीवाल शाम को उपराज्यपाल से भेंट करेंगे

  •  
  • Publish Date - May 11, 2023 / 03:21 PM IST,
    Updated On - May 11, 2023 / 03:21 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बृहस्पतिवार शाम उपराज्यपाल वी के सक्सेना से मुलाकात करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उच्चतम न्यायालय ने कुछ घंटों पहले ही राष्ट्रीय राजधानी में सेवाओं पर नियंत्रण के मुद्दे पर आप सरकार के पक्ष में फैसला सुनाया है।

एक अधिकारी के अनुसार केजरीवाल ने सक्सेना से मुलाकात के लिए समय मांगा था और वह शाम चार बजे उपराज्यपाल से मिलेंगे।

उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से फैसला दिया कि सार्वजनिक व्यवस्था, पुलिस और भूमि जैसे विषयों को छोड़कर अन्य सेवाओं पर दिल्ली सरकार के पास विधायी तथा प्रशासकीय नियंत्रण है।

उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली संविधान पीठ ने कहा कि निर्वाचित सरकार का प्रशासन पर नियंत्रण जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली का ‘विशेष प्रकार का’ दर्जा है और उन्होंने न्यायमूर्ति अशोक भूषण के 2019 के इस फैसले से सहमति नहीं जतायी कि दिल्ली के पास सेवाओं पर कोई अधिकार नहीं है।

आम आदमी पार्टी (आप) ने न्यायालय के फैसले की सराहना करते हुए ट्वीट किया, ‘‘अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की शक्ति दिल्ली सरकार के पास होगी। अधिकारी निर्वाचित सरकार के जरिए ही काम करेंगे।’’

भाषा अविनाश नरेश

नरेश