केरल: अनवर ने चुनाव में हार मिलने पर सिर मुंडवाने की बात कही, रियास को दी चुनौती
केरल: अनवर ने चुनाव में हार मिलने पर सिर मुंडवाने की बात कही, रियास को दी चुनौती
कोझिकोड, 30 अप्रैल (भाषा) संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के उम्मीदवार पी.वी. अनवर ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर वह बेपोर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव हार गए, तो वह अपना सिर मुंडवाकर, कान में बालियां पहनकर कोझिकोड की सड़कों पर घूमेंगे।
साथ ही, उन्होंने कहा कि अगर परिणाम राज्य के पर्यटन मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास के खिलाफ रहा, तो उन्हें भी ऐसी ही कोई चुनौती स्वीकार करनी होगी।
अनवर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि रियास अपनी जीत के प्रति अत्यधिक आश्वस्त हैं।
उन्होंने कहा, “आज सुबह रियास ने दावा किया कि वह 82,000 से अधिक मतों के अंतर से जीतेंगे। ऐसा इस क्षेत्र में कभी नहीं हुआ। ऐसा कुछ होने वाला भी नहीं है।”
अनवर ने कहा कि यदि रियास अपने दावे को लेकर आत्मविश्वास से भरे हैं, तो उन्हें चुनौती स्वीकार करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “मैं यहां एक पेशकश करने के लिए तैयार हूं। अगर मैं हार गया, तो मैं अपना सिर मुंडवाकर, कान में बालियां पहनकर किडसन कॉर्नर से एसएम स्ट्रीट होते हुए कोझिकोड रेलवे स्टेशन तक जाउंगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि रियास अगर हारते हैं तो उन्हें बालियां पहनने की जरूरत नहीं है, लेकिन कम से कम सिर तो मुंडवाना होगा।
अनवर ने कहा, “क्या वह चुनौती स्वीकार करेंगे? सिर्फ दावे न करें। अगर उन्हें जीतने का इतना विश्वास है, तो उन्हें चुनौती स्वीकार करनी चाहिए।”
वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के विधायक रहे अनवर मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से मतभेदों के बाद एलडीएफ से अलग होकर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
वह इस विधानसभा चुनाव में रियास के खिलाफ यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में बेपोर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे एलडीएफ का मजबूत गढ़ माना जाता है।
मुख्यमंत्री विजयन के दामाद रियास बेपोर से दूसरी बार जीत हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं।
हाल ही में, अनवर ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एक नयी पार्टी बनाने का निर्णय लिया था।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


