केरल में बढ़ी बिजली मांग, अतिरिक्त बिजली खरीदने की मंजूरी

केरल में बढ़ी बिजली मांग, अतिरिक्त बिजली खरीदने की मंजूरी

केरल में बढ़ी बिजली मांग, अतिरिक्त बिजली खरीदने की मंजूरी
Modified Date: April 26, 2026 / 08:21 pm IST
Published Date: April 26, 2026 8:21 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 26 अप्रैल (भाषा) केरल विद्युत विनियामक आयोग ने गर्मी के मौसम में बढ़ी खपत को देखते हुए केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) को अतिरिक्त बिजली खरीदने की अनुमति दे दी है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आयोग के चेयरमैन टी.के. जोस और सदस्य बी. प्रदीप ने शनिवार को केएसईबी की याचिका पर यह अनुमति दी।

बोर्ड ने अपनी याचिका में कहा था कि वैकल्पिक व्यवस्थाओं के बावजूद अप्रैल के अंतिम सप्ताह और मई 2026 की शुरुआत में राज्य को अधिकतम और औसत बिजली मांग में कमी का सामना करना पड़ रहा है।

आयोग ने मार्च और अप्रैल 2026 के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए पाया कि अप्रैल के तीसरे सप्ताह के बाद कार्यदिवसों में अधिकतम मांग 5,900 से 6,000 मेगावाट के बीच रही, जबकि रात के समय मांग 4,500 से 5,000 मेगावाट के बीच रही।

कार्यदिवसों में औसत बिजली खपत 10 करोड़ यूनिट प्रतिदिन से अधिक रही, हालांकि दिन के समय मांग लगभग 3,500 मेगावाट रही।

आयोग ने केएसईबी को अप्रैल के शेष दिनों और 15 मई 2026 तक (या स्थिति सामान्य होने तक) बिजली विनिमय के एक दिन पहले तय होने वाले बाजार (डे-अहेड बाजार) तथा उसी दिन जरूरत के अनुसार बिजली खरीदने वाले बाजार (इंट्रा-डे बाजार) से 250 मेगावाट तक अतिरिक्त बिजली खरीदने की अनुमति दी है।

साथ ही, केएसईबी को निर्देश दिया गया है कि वह दैनिक बिजली स्थिति की निगरानी के लिए तुरंत व्यवस्था बनाए और 31 मई 2026 तक या स्थिति सामान्य होने तक शीर्ष प्रबंधन को नियमित जानकारी दे।

आयोग ने यह भी निर्देश दिया कि खरीद प्रक्रिया पूरी होने के एक सप्ताह के भीतर दिनवार विवरण, खर्च सहित, आयोग को प्रस्तुत किया जाए।

राज्य में 17 अप्रैल को दैनिक बिजली खपत 11.61 करोड़ यूनिट के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई, जबकि उसी दिन अधिकतम मांग 6,013 मेगावाट रही, जो अब तक का रिकॉर्ड है।

भाषा योगेश रंजन

रंजन


लेखक के बारे में