केरल भाजपा अध्यक्ष के हलफनामे पर विवाद, चंद्रशेखर ने कांग्रेस को अदालत जाने की चुनौती दी
केरल भाजपा अध्यक्ष के हलफनामे पर विवाद, चंद्रशेखर ने कांग्रेस को अदालत जाने की चुनौती दी
तिरुवनंतपुरम, 24 मार्च (भाषा) केरल में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर के हलफनामे को लेकर सियासी विवाद छिड़ गया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चंद्रशेखर ने बेंगलुरु स्थित एक महंगी संपत्ति का विवरण छिपाया है और उसने इस संबंध में निर्वाचन आयोग से शिकायत की है।
चंद्रशेखर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संपत्ति छिपाने के दावे निराधार हैं और अगर कांग्रेस में अपने दावों को साबित करने का ‘साहस’ है तो वह अदालत का रुख कर सकती है।
नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव में चंद्रशेखर नेमम सीट से वी. शिवनकुट्टी और पूर्व कांग्रेस विधायक के. सबरीनाथन के खिलाफ मैदान में हैं।
सबरीनाथन ने कहा कि हलफनामे से जुड़े आरोप गंभीर हैं।
सबरीनाथन ने यहां संवादादाताओं से कहा, ‘‘आरोपों के अनुसार, उन्होंने (चंद्रशेखर ने) हलफनामे में अपनी 200 करोड़ रुपये की संपत्ति का विवरण नहीं दिया है। हमने इस मामले का अध्ययन किया है और हम जांच के दौरान इस मुद्दे को उठाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस मामले में पहले ही शिकायत दर्ज करा दी है और उसे उम्मीद है कि निर्वाचन आयोग उचित कार्रवाई करेगा।
हालांकि, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार वी शिवनकुट्टी ने राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ कांग्रेस के आरोपों के समर्थन में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा, “यह अफवाह है कि उन्होंने अपनी वास्तविक संपत्ति का 25 प्रतिशत भी हलफनामे में नहीं बताया है, लेकिन जब हम इस मुद्दे को चुनाव अधिकारी के सामने उठाएंगे, तो हमारे पास ठोस दस्तावेज होने चाहिए। संभव है कि कांग्रेस के पास ऐसे दस्तावेज हों।”
उन्होंने यह भी कहा कि वाम दल किसी तकनीकी आधार पर उनका नामांकन खारिज नहीं कराना चाहता, बल्कि मुकाबला होने देना चाहता है।
वहीं, चंद्रशेखर ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर चुनाव लड़ने के लिए झूठ का सहारा लेने का आरोप लगाया।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी तीखा हमला करते हुए पुराने विवादों का जिक्र किया और वरिष्ठ नेताओं की आलोचना की।
चंद्रशेखर ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य मंत्री शिवनकुट्टी लगातार उनके खिलाफ व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “यह कोई नया आरोप नहीं है। हर चुनाव के समय इस तरह के आरोप लगाए जाते हैं। लोग विवाद नहीं, बल्कि विकास चाहते हैं।”
केरल की 140-सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


