केरल: चांडी ओमन ने दो निर्वाचन क्षेत्रों की ईवीएम को एक ही हॉल में रखे जाने पर सवाल उठाया
केरल: चांडी ओमन ने दो निर्वाचन क्षेत्रों की ईवीएम को एक ही हॉल में रखे जाने पर सवाल उठाया
कोट्टायम (केरल), 27 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता चांडी ओमन ने सोमवार को दो विधानसभा क्षेत्रों की ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) एक ही हॉल में रखे जाने पर चिंता जताई।
पत्रकारों से बात करते हुए चांडी ने कहा कि इस संबंध में उनके चुनाव प्रतिनिधि ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने कहा, ‘‘ईवीएम की मतगणना एक ही हॉल में होगी। मुझे नहीं लगता कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम को एक ही हॉल में रखने की कोई आवश्यकता है। वहां एक और हॉल है और दूसरे विधानसभा क्षेत्र की सभी ईवीएम वहां रखी जा सकती थीं।’’
चांडी ने कहा कि पुथुप्पल्ली विधानसभा क्षेत्र (जहां से उन्होंने चुनाव लड़ा था) की सभी ईवीएम को चांगनास्सेरी विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम के साथ रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘एयर कंडीशनर’ लगे होने के बावजूद, केरल में भीषण गर्मी को देखते हुए ईवीएम की स्थिति को लेकर चिंताएं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद इस पर टिप्पणी करूंगा।’’ उन्होंने यह संकेत दिया कि वह परिणाम घोषित होने के बाद इस विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर जारी चर्चा पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ऐसी चर्चाओं को खारिज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कुछ नेताओं को प्रमुखता देने में कोई बुराई नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कुछ भी गलत नहीं है। हमारी पार्टी में कई नेता हैं।’’
चांडी ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) हारेगा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) विजयी होगा।
भाषा
संतोष नरेश
नरेश

Facebook


