भाजपा उम्मीदवार की ‘हिंदू विधायक’ टिप्पणी पर कानूनी राय प्राप्त हुई: केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी

भाजपा उम्मीदवार की ‘हिंदू विधायक’ टिप्पणी पर कानूनी राय प्राप्त हुई: केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी

भाजपा उम्मीदवार की ‘हिंदू विधायक’ टिप्पणी पर कानूनी राय प्राप्त हुई: केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी
Modified Date: March 24, 2026 / 05:16 pm IST
Published Date: March 24, 2026 5:16 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 24 मार्च (भाषा) केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर ने मंगलवार को कहा कि भाजपा उम्मीदवार बी गोपालकृष्णन की ‘‘हिंदू विधायक’’ टिप्पणी के संबंध में कानूनी राय प्राप्त हो गई है और वह इस संबंध में जल्द ही निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजेंगे।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि आयोग के मार्गदर्शन के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने कहा कि सोमवार को स्थायी अधिवक्ता से कानूनी राय प्राप्त हो गई।

हालांकि, अधिकारी ने कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर उम्मीदवार के खिलाफ संभावित कार्रवाई के बारे में कुछ भी कहने से परहेज किया।

केलकर ने कहा, ‘‘कानूनी राय के आधार पर, हम भारत निर्वाचन आयोग से मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए रिपोर्ट भेजेंगे। आगे जो भी कार्रवाई की जाएगी, वह आयोग के मार्गदर्शन पर निर्भर करेगी।’’

यह विवाद एक चुनावी वीडियो से संबंधित है जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी उम्मीदवार गोपालकृष्णन ने कथित तौर पर कहा था कि गुरुवायूर निर्वाचन क्षेत्र में लगभग पांच दशकों से कोई हिंदू विधायक नहीं चुना गया है। उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) दोनों पर आरोप लगाया था कि वे संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में हिंदू समुदाय से उम्मीदवार नहीं उतारते।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस ने इन टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की और उनके खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई।

निर्वाचन आयोग के हस्तक्षेप पर, गुरुवायूर पुलिस ने गोपालकृष्णन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को गोपालकृष्णन के कथित विवादास्पद बयान का बचाव करते हुए सवाल उठाया कि इसे घृणास्पद कैसे कहा जा सकता है।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में