केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने सतीशन की चुनौती स्वीकार की

केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने सतीशन की चुनौती स्वीकार की

केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने सतीशन की चुनौती स्वीकार की
Modified Date: March 30, 2026 / 03:43 pm IST
Published Date: March 30, 2026 3:43 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 30 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन की सार्वजनिक बहस की चुनौती स्वीकार कर ली, जिससे नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है।

सतीशन द्वारा चुनौती दिए जाने के एक दिन बाद विजयन ने सोशल मीडिया पर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार का ‘‘रिपोर्ट कार्ड’’ साझा किया और कहा कि इसमें सूचीबद्ध उपलब्धियों के आधार पर बहस की जा सकती है।

इसके तुरंत बाद, सतीशन ने कहा कि वह मुख्यमंत्री द्वारा तय किए गए समय और स्थान पर बहस में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं।

सतीशन ने एक फ़ेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘अब जब मुख्यमंत्री ने कह दिया है कि वह बहस के लिए तैयार हैं, तो वह जगह और समय तय कर सकते हैं। मैं उसी के अनुसार वहाँ पहुँच जाऊँगा। बाकी का फ़ैसला जनता को करने दें।’’

बाद में, कोल्लम में विजयन ने एक प्रेसवार्ता में बहस के लिए विपक्ष की तत्परता का स्वागत किया और कहा कि राज्य में चर्चाओं के लिए विधानसभा ही सबसे महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विधानसभा में मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में विफल रहा और सत्ता पक्ष के जवाबों के डर से वहाँ होने वाली बहसों और चर्चाओं से भाग खड़ा हुआ।

भाषा

नेत्रपाल सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में