केरल के मुख्यमंत्री ने कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी से मादक पदार्थ की तस्करी रोकने में सहयोग मांगा

केरल के मुख्यमंत्री ने कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी से मादक पदार्थ की तस्करी रोकने में सहयोग मांगा

केरल के मुख्यमंत्री ने कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी से मादक पदार्थ की तस्करी रोकने में सहयोग मांगा
Modified Date: June 24, 2026 / 11:12 am IST
Published Date: June 24, 2026 11:12 am IST

तिरुवनंतपुरम, 24 जून (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अपने समकक्षों को पत्र लिखकर अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने और नशीले पदार्थों के प्रसार को रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि यह पहल राज्य सरकार के मादक पदार्थ विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य केरल को नशे की लत से मुक्त करना और तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि ‘ऑपरेशन तूफान’ के तहत खुफिया सूचनाओं पर आधारित प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को निशाना बनाया जा रहा है और अवैध रूप से अर्जित उनकी संपत्तियां जब्त की जा रही हैं।

सतीशन ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क कई राज्यों में फैले हुए हैं, इसलिए पड़ोसी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच समन्वित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।

पत्र में कहा गया है कि केरल की सीमाओं से जुड़े कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के क्षेत्र, प्रमुख राजमार्ग, पर्यटन स्थल, छात्र नेटवर्क और शहरी वितरण केंद्र मादक पदार्थ माफिया द्वारा इस्तेमाल किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केरल पुलिस ने कई अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेटवर्क के खिलाफ राज्यों के बीच वास्तविक समय में खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, संयुक्त अभियान और समन्वित योजना के जरिए अधिक प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।

प्रस्तावित सहयोग के तहत मुख्यमंत्री ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने का अनुरोध किया है।

पत्र में कहा गया है कि गृह मंत्री रमेश चेन्निथला, राज्य पुलिस प्रमुख रवाडा चंद्रशेखर और टैक्टिकल कमांडर पुट्टा विक्रमादित्य समन्वित प्रवर्तन प्रयासों को मजबूत करने के लिए कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के पुलिस प्रमुखों तथा गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करने के लिए तैयार हैं।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में